NEET-UG Re-Exam: देश की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट यूजी (NEET-UG) को लेकर जारी विवादों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की एक और बड़ी और हैरान करने वाली लापरवाही सामने आई है। 21 जून को देश भर में एक ही शिफ्ट में आयोजित होने वाली नीट यूजी की पुनर्परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। इसी क्रम में नागपुर के एक छात्र के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र को लेकर एक ऐसी गंभीर तकनीकी विसंगति प्रकाश में आई है, जिसने परीक्षा की तैयारी और एडमिट कार्ड जनरेशन प्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं और केंद्र मिला सात समंदर पार
यह पूरा मामला नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब से जुड़ा हुआ है। अब्दुल्ला ने जब कल होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए एनटीए की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो परीक्षा केंद्र का नाम देखकर उनके और उनके परिजनों के होश उड़ गए। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र के रूप में भारत के किसी शहर की बजाय सीधे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शहर अबू धाबी में स्थित एक एग्जाम सेंटर का उल्लेख था।
Read Also- NEET Re-Exam: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जेल में बंद छात्र देगा परीक्षा, रेलवे ने भी किए विशेष इंतजाम
एनटीए (NTA) ने स्वीकार की गलती, शाम तक संशोधित एडमिट कार्ड देने का वादा
एडमिट कार्ड में हुई इस बड़ी विसंगति और चूक की जानकारी जैसे ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंची, एजेंसी ने तुरंत अपनी गलती स्वीकार कर ली है। एनटीए के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह समस्या किसी मानवीय चूक के कारण नहीं बल्कि सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी के चलते हुई है।
एनटीए प्रशासन ने छात्र के परिवार से संपर्क कर उन्हें पूरी तरह आश्वस्त किया है कि इस गलती को जल्द से जल्द सुधार लिया जाएगा। अब्दुल्ला के परिवार ने बताया कि उन्हें एनटीए की ओर से एक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि आज शाम तक इस तकनीकी त्रुटि को ठीक करके छात्र को संशोधित एडमिट कार्ड ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया जाएगा।
