बिलासपुर/रायपुर। NEET Re-Exam परीक्षा से पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण और मानवीय निर्णय लेते हुए रायपुर सेंट्रल जेल में बंद एक छात्र को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने मामले की अर्जेंट सुनवाई के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नर और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि छात्र को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र ले जाकर परीक्षा दिलाई जाए तथा परीक्षा समाप्त होते ही उसे वापस जेल लाया जाए।
जानकारी के अनुसार, छात्र रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज एक आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत के तहत रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। छात्र ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर परीक्षा में शामिल होने के लिए अंतरिम राहत की मांग की थी। याचिका के साथ NEET-2026 का एडमिट कार्ड भी प्रस्तुत किया गया था। छात्र के अधिवक्ता ने अदालत से जेल में अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश ने तत्काल सुनवाई की और छात्र के शिक्षा के अधिकार को ध्यान में रखते हुए उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान कर दी। साथ ही जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि जेल नियमों के अनुरूप छात्र को पढ़ाई के लिए आवश्यक पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसकी परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो।
बिलासपुर में 19 परीक्षा केंद्र, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
इधर, 21 जून को आयोजित होने वाली NEET Re-Exam परीक्षा को लेकर बिलासपुर जिले में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर के 19 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पिछले वर्षों में सामने आए पेपर लीक मामलों को देखते हुए इस बार परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताए जाने के कारण प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखी हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परीक्षार्थियों के लिए 24 घंटे मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन
परीक्षा के दौरान छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को देखते हुए सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने 24 घंटे की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस पहल के माध्यम से छात्र और उनके अभिभावक विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर तनाव, चिंता और घबराहट जैसी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
रेलवे का विशेष प्लान, 10 ट्रेनों में लगाए जाएंगे 40 अतिरिक्त कोच
NEET Re-Exam परीक्षा के मद्देनजर परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे प्रशासन ने 10 ट्रेनों में 40 अतिरिक्त जनरल कोच लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा छात्रों की सुविधा के लिए विशेष मेमू ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।
रेलवे ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं तथा परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उपलब्ध विशेष रेल सेवाओं का लाभ उठाएं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
