रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कई ठिकानों पर दबिश दी। राजधानी रायपुर और दुर्ग में अधिकारियों की टीम ने कारोबारियों के आवासों पर पहुंचकर जांच शुरू की। रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के घर ED की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है। वहीं, दुर्ग की ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्टर गुलशन बघेल के आवास पर भी अधिकारियों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर छापेमारी
राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे ED की टीम पहुंची। यहां कारोबारी नितिन डागा के आवास पर अधिकारियों ने जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टीम दो गाड़ियों में पहुंची थी और घर के अंदर दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन से जुड़ा कारोबार बताया जा रहा है। फिलहाल, ED की टीम किन दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
दुर्ग में ट्रांसपोर्टर के घर पर ED की दबिश
रायपुर के अलावा दुर्ग में भी ED की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। यहां ऋषभ ग्रीन सिटी की सातवीं मंजिल पर रहने वाले कारोबारी और ट्रांसपोर्टर गुलशन बघेल के आवास पर टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि अधिकारियों की टीम दो गाड़ियों में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुलशन बघेल के नाम से बघेल कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी भी संचालित है। हालांकि, कंपनी की गतिविधियों और ED की कार्रवाई से उसके किसी संभावित संबंध के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
भारतमाला प्रोजेक्ट में कार्रवाई की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में रायपुर और दुर्ग में की जा रही इस कार्रवाई को भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, छापेमारी इसी मामले के संबंध में की जा रही है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के पीछे की वजह और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को लेकर स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
ED की आधिकारिक जानकारी का इंतजार
रायपुर और दुर्ग में ED की कार्रवाई के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल, दोनों स्थानों पर जांच से जुड़े विस्तृत तथ्यों और कार्रवाई के आधिकारिक कारणों का इंतजार है। ED की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही छापेमारी के उद्देश्य और जांच के दायरे को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फोटो कैप्शन: रायपुर-दुर्ग में कारोबारियों के ठिकानों पर ED की दबिश।
