इंटेलिजेंस एजेंसियों ने दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के आधार पर यह जानकारी दी है। एजेंसी के मुताबिक, भाजपा मुख्यालय और आसपास की सरकारी इमारतों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
एजेंसियों को शक है कि दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मार्ग स्थित कार्यालयों को आत्मघाती हमलों, कार ब्लास्ट, गोलीबारी या IED के जरिए निशाना बनाया जा सकता है। किसी भी खतरे को टालने के लिए सुरक्षा बलों ने निगरानी और एहतियाती कदम बढ़ा दिए हैं।
जवानों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी बढ़ी
पुलिस और सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती, चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बैरिकेडिंग और वाहनों की रैंडम चेकिंग के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए आपसी तालमेल से काम कर रही हैं।
बम निरोधक दस्तों, स्निफर डॉग यूनिट्स और क्विक रिएक्शन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली फायर सर्विस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और खड़े वाहनों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
