प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार बिक्रम साऊ को जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि झारग्राम के रहने वाले बिक्रम साऊ को पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन और व्हाट्सएप वीडियो कॉल आ रहे हैं।
पीड़ित दुकानदार और उसके परिवार ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। धमकियों के बाद परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में जी रहा है। बिक्रम साऊ का आरोप है कि कॉल करने वाले लोग उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
दरअसल, यह मामला 19 अप्रैल का बताया जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान झाड़ग्राम में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा समाप्त होने के बाद लौटते समय पीएम मोदी का काफिला अचानक सड़क किनारे स्थित बिक्रम साऊ की झालमुड़ी की दुकान पर रुका। वहां प्रधानमंत्री ने बिक्रम के हाथ की बनी झालमुड़ी खाई और उससे बातचीत भी की।
इस घटना के बाद बिक्रम साऊ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। देखते ही देखते उनकी दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई और बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे। अचानक मिली लोकप्रियता ने बिक्रम साऊ को रातों-रात सोशल मीडिया स्टार बना दिया।
हालांकि, अब यही लोकप्रियता उनके लिए परेशानी का कारण बनती दिखाई दे रही है। बिक्रम साऊ का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें विदेशी नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं, जिससे पूरा परिवार डरा हुआ है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान झालमुड़ी भी राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी इसका खास उल्लेख किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
