नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर संसद के मकर द्वार पर बैठे। विपक्ष के अन्य सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चंदा डाला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी दानपेटी में चंदा दिया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसद बैनर लेकर पहुंचे, जिन पर “अमित शाह संसद से गायब क्यों” लिखा हुआ था। सांसदों ने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग की।
उधर, संसद के मानसून सत्र के तहत शुक्रवार सुबह 11 बजे लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई। हालांकि, विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
संसदीय कार्यसूची के अनुसार, लोकसभा में शुक्रवार को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 तथा सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने से संबंधित संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।
