कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के इंस्टाग्राम अकाउंट को शनिवार सुबह हैक किए जाने का दावा किया गया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सुबह 8:25 बजे X पर पोस्ट कर बताया कि वे CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि, यूजर्स के लिए अकाउंट सामान्य रूप से दिखाई दे रहा है।
शनिवार सुबह 10 बजे तक इंस्टाग्राम पर CJP के फॉलोअर्स बढ़कर 2 करोड़ 18 लाख से अधिक हो गए। वहीं X पर भी पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या सुबह 9:45 बजे तक 1.94 लाख के पार पहुंच गई।
जान से मारने की धमकी मिलने का दावा
अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कथित धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए। दीपके के माता-पिता भगवान और अनीता दीपके ने भी बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि मौजूदा माहौल में डर लगना स्वाभाविक है और अभिजीत ने खुद भी भारत लौटने पर गिरफ्तारी की आशंका जताई है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन पिटीशन
22 मई को CJP की ओर से पहली ऑनलाइन पिटीशन जारी की गई, जिसमें NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। शनिवार सुबह 10 बजे तक इस पिटीशन पर 5.68 लाख से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके थे।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम पर ट्रेडमार्क की होड़
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम के अधिकार पाने के लिए तीन अलग-अलग ट्रेडमार्क आवेदन दाखिल किए गए हैं। ट्रेडमार्क रजिस्ट्री पोर्टल पर राजनीतिक और सामाजिक सेवाओं की श्रेणी में रजिस्ट्रेशन मांगा गया है। आवेदन अजीम आदमभाई जम, अखंड स्वरूप और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की एक प्रोपराइटरशिप फर्म की ओर से दाखिल किए गए हैं।
CJP कैसे बना सोशल मीडिया पर बड़ा मुद्दा
21 मई: X अकाउंट ब्लॉक, नया अकाउंट लॉन्च
CJP का पुराना X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद संगठन ने नया अकाउंट बनाया, जिसका नाम “Cockroach Is Back” रखा गया। बायो में लिखा गया— “Cockroach don’t die” यानी “कॉकरोच मरते नहीं”।
20 मई: देशभर में चर्चा
20 मई तक इंस्टाग्राम पर CJP के 66 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे। बेरोजगारी, पेपर लीक और युवा असंतोष जैसे मुद्दों पर पार्टी के पोस्ट तेजी से वायरल होने लगे।
19 मई: तेजी से बढ़े फॉलोअर्स
19 मई को सोशल मीडिया पर CJP ट्रेंडिंग टॉपिक बन गया। इसके डिजिटल फॉलोअर्स कई बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया बेस से ज्यादा बताए जाने लगे।
18 मई: वायरल पोस्ट से मिली पहचान
18 मई को CJP के मीम और युवा मुद्दों से जुड़े पोस्ट तेजी से वायरल हुए। “Join Party” अभियान के जरिए ऑनलाइन साइन-अप में भी बड़ा उछाल दर्ज किया गया।
17 मई: इंस्टाग्राम पर एंट्री
17 मई को CJP ने इंस्टाग्राम हैंडल सक्रिय किया। सरकार विरोधी मीम्स और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर पोस्ट वायरल होने लगे। इसी दिन से फॉलोअर्स में तेजी देखी गई।
16 मई: पार्टी की शुरुआत
16 मई को अभिजीत दीपके ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ कॉकरोच जनता पार्टी लॉन्च की।
15 मई: CJI की टिप्पणी के बाद विवाद
15 मई 2026 को न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा था कि “कुछ युवा कॉकरोच की तरह भटक रहे हैं।” इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक बहस शुरू हुई। बाद में उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया।
“96% फॉलोअर्स भारतीय”- CJP का दावा
सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाया जा रहा था कि CJP के ज्यादातर फॉलोअर्स पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका जैसे देशों से हैं। हालांकि संगठन का दावा है कि उसके 96% फॉलोअर्स भारतीय हैं।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया रणनीतिकार हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और फिलहाल Boston University में पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे 2020 से 2022 तक Aam Aadmi Party के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट रहे। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में उन्होंने मीम आधारित ऑनलाइन प्रचार सामग्री तैयार की थी। बाद में उच्च शिक्षा और आर्थिक स्थिरता के लिए वे अमेरिका शिफ्ट हो गए।
अभिजीत लंबे समय से किसान आंदोलन, महंगाई और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं।
