CG NEWS: पेंड्रा। जिले के पेंड्रा में विकासखंड नौवीं कक्षा में प्रवेश नहीं मिलने से परेशान एक छात्र ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजनों की तत्परता और चिकित्सकों के समय पर उपचार से छात्र की जान बच गई। वर्तमान में उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेंड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खरड़ी के उरांव मोहल्ला निवासी छात्र सुनील उरांव ने इस वर्ष आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। वह आगे की पढ़ाई के लिए कोड़गार स्थित हाई स्कूल में नौवीं कक्षा में प्रवेश लेना चाहता था। बताया जा रहा है कि आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण उसका प्रवेश नहीं हो सका। छात्र लगातार दस्तावेज तैयार कराने और स्कूल में दाखिला पाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिलने से वह मानसिक तनाव में था।
Read Also- IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, कोहली-हर्षित की वापसी, यशस्वी बाहर
परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सुनील अपने भविष्य और पढ़ाई को लेकर काफी चिंतित था। इसी तनाव के बीच उसने घर में कृषि कार्य के लिए रखे गए कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया और समय रहते उसकी स्थिति को नियंत्रित कर लिया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्र की हालत अब स्थिर है, हालांकि एहतियातन उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र किस दस्तावेज की अनुपलब्धता के कारण प्रवेश से वंचित रहा और समय पर दस्तावेज उपलब्ध क्यों नहीं हो सके। संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
