IND vs ENG: बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में खेले जाने वाली 3 वनडे की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। विराट कोहली को वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया। हालांकि, उनका खेलना फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगा। अगर वो टेस्ट पास करते हैं तो खेलेंगे। कोहली के अलावा चोट की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहे हर्षित राणा की भी टीम में वापसी हुई है।
यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक ठोका था। लेकिन, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें जगह नहीं मिली है। हार्दिक पंड्या पहले ही चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी भरपाई करने के लिए नीतीश कुमार रेड्डी को बतौर ऑलराउंडर टीम में जगह मिली है। जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हुई है। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए रेस्ट दिया गया था।
भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा 1 जुलाई से शुरू होगा। पहले दोनों देशों के बीच 5 टी-20 की सीरीज खेली जाएगी। वहीं, तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से खेली जाएगी। पहला वनडे 14 जुलाई को एजबेस्टन, दूसरा 16 जुलाई को सोफिया गार्डेंस और तीसरा 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज गुरनुर बरार को अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। बरार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। ऊंचे कद के इस तेज गेंदबाज ने अपनी डेब्यू सीरीज में अच्छी गेंदबाजी की थी और तीन मैच में कुल 7 विकेट झटके थे। इसी सीरीज में डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे को इंग्लैंड के खिलाफ मौका नहीं मिला है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भारत को जून के आखिरी हफ्ते में आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है। वरुण चक्रवर्ती इस सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। बीसीसीआई ने रविवार को जारी प्रेस रिलीज में ये जानकारी दी कि वरुण IPL 2026 में बाएं पैर में लगी चोट के बाद बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपने रिहैब के आखिरी स्टेज में हैं। यानी वो पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं। इसी वजह से ये स्पिनर आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज़ से बाहर हो गया।
श्रेयस अय्यर की ये बतौर टी20 कप्तान पहली सीरीज होगी। हाल ही में सूर्यकुमार यादव के स्थान पर श्रेयस को टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं, तिलक वर्मा उनके डिप्टी का रोल निभाएंगे। हर्षित राणा को भी इस सीरीज के लिए जगह मिली है। बता दें कि श्रेयस को वनडे टीम का भी उपकप्तान बनाया गया है।
India’s updated squad for Ireland T20Is: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
