नई दिल्ली। बैंक से जुड़ा जरूरी काम है तो 26 अगस्त 2026 की तारीख जरूर नोट कर लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, बुधवार 26 अगस्त को देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में बैंक जाने से पहले अपने राज्य की छुट्टी की स्थिति जरूर जांच लेना बेहतर होगा।
14 राज्यों में बैंक शाखाओं पर रहेगा अवकाश
26 अगस्त को उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, मणिपुर और जम्मू-कश्मीर में बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहेगा।
ईद-ए-मिलाद और थिरुवोणम के चलते छुट्टी
26 अगस्त को देश के कई हिस्सों में ईद-ए-मिलाद (बारावफात) का पर्व मनाया जाएगा। वहीं, केरल में ओणम उत्सव के तहत थिरुवोणम का मुख्य पर्व है। इन्हीं अवसरों के चलते संबंधित राज्यों में बैंक शाखाओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
28 अगस्त को रक्षाबंधन पर भी बैंक बंद
अगस्त के आखिरी सप्ताह में बैंकिंग सेवाओं पर छुट्टियों का असर जारी रहेगा। 28 अगस्त, शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल और हिमाचल प्रदेश में कई बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद आमतौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहती हैं। ग्राहक ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने, खाते का बैलेंस देखने और कई अन्य बैंकिंग कार्य घर बैठे कर सकते हैं।
हालांकि, दस्तावेज जमा करने, बैंक खाते से जुड़े कुछ विशेष कार्य या ऐसे काम जिनके लिए शाखा में उपस्थित होना जरूरी है, उन्हें छुट्टी से पहले निपटाना बेहतर रहेगा।
बैंक जाने से पहले स्थानीय छुट्टी जरूर जांचें
अगस्त के अंतिम सप्ताह में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण अलग-अलग राज्यों में बैंकिंग छुट्टियां रहेंगी। बैंक शाखा जाने से पहले अपने राज्य और शहर की छुट्टी की स्थिति जांच लेने से अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।
