रायपुर। जिला रायपुर फीनिक्स शितोरियु कराटे-डो एसोसिएशन के तत्वावधान में 23 अगस्त को ब्लैक बेल्ट टेस्ट का आयोजन किया गया। परीक्षा में खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न डान में सफलता हासिल की। परीक्षा में कुल 43 विद्यार्थी ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने में सफल रहे।
ब्लैक बेल्ट परीक्षा का मूल्यांकन फीनिक्स शितोरियु कराटे-डो एसोसिएशन इंडिया के प्रमुख, 6वें डान ब्लैक बेल्ट धारक एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रतिष्ठित हनुमान सिंह पुरस्कार से सम्मानित रेन्शी अमल तालुकदार ने किया। उनके अनुभव और कड़े अनुशासन के बीच खिलाड़ियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया।
परीक्षा के घोषित परिणाम के अनुसार प्रथम डान में 26, द्वितीय डान में 11, तृतीय डान में 5 तथा चतुर्थ डान में 1 विद्यार्थी सफल रहा। इस प्रकार कुल 43 खिलाड़ियों ने ब्लैक बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण की।
आयोजन के दौरान जिला रायपुर फीनिक्स शितोरियु कराटे-डो एसोसिएशन के शिहान मनीष बाग, सेंसेई संजय कुमार ठाकुर एवं सेंसेई राजू धीवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में शिहान मनीष बाग ने सफल खिलाड़ियों को बेल्ट प्रदान कर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर शिहान मनीष बाग ने कहा कि कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल करना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी लगन और मेहनत के साथ अभ्यास जारी रखने तथा कराटे के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
