नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को देशभर में 1,500 से अधिक स्थानों पर युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, PM के साथ’ अभियान के तहत आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस से दो दिन पहले होगा।
29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती होती है। उनकी स्मृति में देशभर में इस दिन राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।
कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों से मिल चुके हैं PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले 9 अगस्त को कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ हुई इस मुलाकात की रील भी इंस्टाग्राम पर साझा की थी। इस बार प्रधानमंत्री युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे।
दिल्ली में 4-5 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस अभियान के तहत करीब 4-5 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आईआईटी दिल्ली भी शामिल है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया आईआईटी दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा है कि वह 27 अगस्त को आईआईटी दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दिग्गज खिलाड़ी भी युवाओं से करेंगे संवाद
कार्यक्रम में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के अलावा मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी तथा अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता भी युवाओं से बातचीत करेंगे। इनमें मनिका बत्रा, दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी और मीराबाई चानू जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं।
कार्यक्रम में कुछ क्रिकेटर भी युवाओं से संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें देश के नामचीन खिलाड़ियों से सीधे जुड़ने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर देना है।
