नई दिल्ली। राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में पिछले 3-4 दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब 20 जुलाई से फिर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर घने बादल दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम तथा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के हालात बन सकते हैं।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 6-7 दिनों तक कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
उत्तराखंड में बारिश से हालात बिगड़े, 126 सड़कें बंद
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। राज्य में 2 नेशनल हाईवे समेत कुल 126 सड़कें बंद हो गई हैं। स्यानाचट्टी के पास ऋषिकेश-यमुनोत्री हाईवे लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरियाणा और दिल्ली में बढ़ा नदियों का जलस्तर
हरियाणा में हिमाचल प्रदेश से आ रहे पानी के कारण यमुना और मारकंडा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं दिल्ली में भी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
रविवार को दिल्ली में यमुना नदी में नहाने गए चार बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
