पश्चिम बंगाल की राजनीति में गुरुवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर राय और प्रकाश चिक बराइक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। पार्टी ने तीनों नेताओं को पश्चिम बंगाल की तीन रिक्त राज्यसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
तीनों नेताओं ने हाल ही में टीएमसी और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो गई है और निर्णय मनमाने तरीके से लिए जा रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते सुखेंदु शेखर राय ने 8 जून, सुष्मिता देव ने 10 जून और प्रकाश चिक बराइक ने 11 जून को अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
Read Also- राम मंदिर दान चोरी मामले में CBI जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को करेगा सुनवाई
भाजपा में शामिल होने के बाद तीनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया और कहा कि वे पश्चिम बंगाल के विकास तथा जनता के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। वहीं भाजपा ने उनके राजनीतिक अनुभव और जनाधार को देखते हुए उन्हें राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।
पश्चिम बंगाल की इन तीन रिक्त राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को मतदान और मतगणना होगी। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर 24 जुलाई को मतदान के साथ ही मतगणना भी कराई जाएगी।
