लोरमी। संकुल केंद्र सरईपतेरा में शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) सुनील शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र का सच्चा निर्माता बताते हुए कहा कि शिक्षक अपनी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लोरमी बीआरसी दयाराम साहू, संकुल प्राचार्य प्रभु ध्रुव एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक डॉ. सत्यनारायण तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने संकुल क्षेत्र के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को पेन, डायरी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, सेवानिवृत्त शिक्षक गयादास लहरे को शिक्षा के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बीआरसी दयाराम साहू ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। संकुल प्राचार्य प्रभु ध्रुव ने शिक्षकों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए संकुल का नाम रोशन करने का आह्वान किया। राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने शालाओं में विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत नामांकन, ठहराव तथा पालकों से निरंतर जीवंत संपर्क बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल समन्वयक प्रेम जायसवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिक्षक अमित डड़सेना ने किया। समारोह में शिक्षक सत्यनारायण त्रिपाठी, रामगोपाल निषाद, संतोष साहू, पवननयन शर्मा, विद्यानंद कश्यप, अक्षय राजपूत, ईश्वर साहू, देवीसिंह राजपूत, अनुज खत्री, दिनेश राजपूत, श्रीमती वंदना त्रिपाठी, श्रीमती मीनाक्षी राजपूत सहित संकुल क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
