मुंगेली/लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में शासकीय शिक्षक से पीएचई (PHE) विभाग का अधिकारी बनकर 99,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक ने लोरमी थाना प्रभारी पर शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली से न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम एवं पोस्ट सारधा, थाना व तहसील लोरमी निवासी नरसिंह राठौर, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सारधा में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, जिला मुंगेली को दिए आवेदन में बताया है कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने स्वयं को पीएचई विभाग का अधिकारी बताते हुए स्कूल में पानी की टंकी की सामग्री भेजने और मजदूरों को भुगतान किए जाने के संबंध में बातचीत की।

आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान आरोपी ने मोबाइल नंबर 8948321028 से शिक्षक को राशि भेजने की बात कहकर झांसे में लिया और उनके बैंक खाते से दो बार में 90,000 रुपये और 9,500 रुपये, यानी कुल 99,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित शिक्षक ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की। शिक्षक का आरोप है कि लोरमी थाना प्रभारी द्वारा उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने साइबर अपराध की हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का नॉलेजमेंट नंबर 33308260023357 बताया गया है।
पीड़ित शिक्षक ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए लोरमी थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने तथा आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या पक्ष सामने आना बाकी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही ठगी की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
