भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। अय्यर की कप्तानी में अब तक टीम एक भी टी-20 मुकाबला नहीं जीत सकी है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरों पर भारत ने सात में से छह मैच गंवाए, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 15 वर्षीय सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों में केवल 42 रन ही बना सके थे। हालांकि, हरारे के मैदान पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इसी मैदान पर 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 11 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे ने तीन बार जीत दर्ज की है। जुलाई 2024 में हरारे में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने भारत को तीन रन से हराया था। वहीं, दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत इसी वर्ष टी-20 विश्व कप में हुई थी, जिसमें भारत ने चेन्नई में 72 रन से जीत हासिल की थी।
पिच रिपोर्ट और मौसम
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ मदद मिलने की संभावना है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को हरारे में मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और मैच के दौरान तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे/रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा/मयंक यादव, यश ठाकुर और प्रिंस यादव।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमानी/तफद्जवा त्सिगा (विकेटकीपर), डिओन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, मिल्टन शुम्बा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।
