रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 24 नए मरीज सामने आए हैं। नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 108 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में 87 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 21 मरीजों का उपचार होम आइसोलेशन में चल रहा है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की अपील की है।
रायपुर में सबसे ज्यादा मामले
प्रदेश की राजधानी रायपुर में स्वाइन फ्लू के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। मंगलवार को यहां 8 नए संक्रमित मरीज मिले। इसके साथ रायपुर में अब तक कुल 38 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 36 मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि दो मरीजों का इलाज घर पर चल रहा है।
इन जिलों में भी बढ़े मरीज
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में अब तक 10 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 5 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 5 मरीजों का उपचार घर पर किया जा रहा है।
वहीं राजनांदगांव में 10, कोरबा में 8, दुर्ग में 13, महासमुंद में 12 और बालोद में 9 स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आए हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार तेज बुखार, गले में खराश, लगातार खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।
