रायपुर। सावन महीने की शुरुआत के साथ रायपुर नगर निगम ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर खुले में मांस बिक्री के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश जारी किए हैं। महापौर मीनल चौबे ने सभी जोन कमिश्नरों को आदेश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्गों पर खुले में मांस बिक्री तत्काल बंद कराई जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
महापौर ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से कहा कि सावन माह में लाखेनगर चौक से महादेवघाट होते हुए रायपुरा मार्ग तक विशेष निगरानी रखी जाए। इस पूरे मार्ग की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि कहीं खुले में मांस बिक्री होती पाई गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में महापौर ने मानसून के दौरान शहर के मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी मुक्तिधाम में जलभराव की स्थिति बनने पर संबंधित जोन कमिश्नर स्वयं मौके पर पहुंचकर तत्काल समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि सावन मास के साथ 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है, जो 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि तक चलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त महादेवघाट सहित विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए कांवड़ लेकर पहुंचेंगे।
नगर निगम के अनुसार, रायपुर में लाखेनगर चौक, रायपुरा और महादेवघाट मार्ग पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक आवाजाही रहती है। इसी को देखते हुए इन मार्गों पर विशेष निगरानी रखने और खुले में मांस बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
