रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार नीमूबेन जयंतीभाई बांभनिया से मुलाकात कर प्रदेश की राइस मिलों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने यह मुलाकात आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा ने केंद्रीय राज्य मंत्री के समक्ष सीएमआर के तहत चावल जमा करने की व्यवस्था में संशोधन, भारतीय खाद्य निगम में चावल डिलीवरी की सुचारु व्यवस्था और पर्याप्त रैक उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मुद्दे रखे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में पर्याप्त रैक उपलब्ध कराने, 30 नवंबर 2026 तक बचत चावल का निस्तारण करने तथा अन्य स्रोतों से चावल के निस्तारण की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। पदाधिकारियों ने बताया कि रैक की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से मिलर्स के सामने चावल के भंडारण और डिलीवरी से जुड़ी परेशानियां बनी हुई हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने राइस मिलर्स की मांगों को जायज बताते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एसोसिएशन के महामंत्री विष्णु बिंदल, उपाध्यक्ष संदीप मित्तल, सह कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल और बनवारी लाल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। एसोसिएशन ने केंद्रीय राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।
