नई दिल्ली। देश इस समय मानसून की सुस्त चाल और भीषण गर्मी की दोहरी मार झेल रहा है। भारतीय मौसम के 126 वर्षों के रिकॉर्ड में जून 2026 दूसरा सबसे सूखा जून साबित हो रहा है। 21 जून तक देशभर में केवल 57.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 42.2 प्रतिशत कम है। इससे पहले वर्ष 2009 में जून महीने के दौरान सामान्य से 49 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, जिसके कारण मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में खेती-किसानी पर व्यापक असर पड़ा था।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अब मानसून के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हुए मौसमीय तंत्र के प्रभाव से मानसून जल्द ही छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है, जिससे देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मेघालय में बारिश का रिकॉर्ड, मॉसिनराम में 24 घंटे में 530 मिमी वर्षा
एक ओर जहां देश का बड़ा हिस्सा बारिश के इंतजार में है, वहीं मेघालय में बादलों ने जमकर कहर बरपाया। खासी हिल्स जिले के मॉसिनराम में रविवार को 24 घंटे के भीतर 530 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह आंकड़ा इतना अधिक है कि राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर जैसे शुष्क क्षेत्रों में लगभग छह महीनों में होने वाली औसत बारिश के बराबर माना जा रहा है।
Read Also- आदिवासी छात्रा का 4 साल तक दैहिक शोषण, मुस्लिम युवक ने बहन के साथ मिलकर लिया झांसे में, कराया अबार्सन
राजस्थान में ओले, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट
मौसम के बदलते मिजाज के बीच राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को ओलावृष्टि हुई। वहीं मध्य प्रदेश के पांच जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में भी लू चलने की चेतावनी दी गई है।
आठ राज्यों में गर्मी का प्रकोप, विदर्भ में रातें भी तप रही
उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कई क्षेत्रों में दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसके अलावा तेलंगाना, बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
सबसे चिंताजनक स्थिति विदर्भ क्षेत्र की है, जहां लगातार गर्मी के कारण रातों का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। क्षेत्र के आठ जिलों में मौसम विभाग ने ‘नाइट हीटवेव’ का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार गर्म रातें स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती हैं।
Read Also- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर डॉक्यूमेंट्री बनाएंगे आमिर खान, फिल्ममेकर स्वाति चक्रवर्ती भटकल करेंगी डायरेक्ट…
बांदा रहा देश का सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर, वाराणसी, बहराइच और प्रयागराज में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के श्रीगंगानगर और हरियाणा के रोहतक में भी पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया।
किसानों की बढ़ी चिंता, मानसून पर टिकी निगाहें
बारिश की कमी का सबसे अधिक असर कृषि क्षेत्र पर पड़ने की आशंका है। खरीफ फसलों की बुआई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन मानसून की धीमी प्रगति किसानों की चिंता बढ़ा रही है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में मानसून रफ्तार पकड़ेगा और देश के बड़े हिस्से में बारिश का दौर शुरू होगा।
