रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी यात्रियों को समर्पित किए गए। इनमें सरोना रेलवे स्टेशन का करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण और पुनर्विकास किया गया है।
सरोना रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन पर 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 2,000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, सात प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2,800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, दो लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे तथा छत्तीसगढ़ की लोक कला से सुसज्जित आकर्षक परिसर विकसित किया गया है।
स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की एक विशेष उपलब्धि पर्यावरण संरक्षण भी रही। निर्माण के दौरान छह से अधिक पुराने पेड़ों को सुरक्षित रखा गया है। इनमें एक पेड़ प्लेटफॉर्म के बीच स्थित है, जो अब स्टेशन की विशेष पहचान बन गया है। परिसर के तीन अन्य बड़े पेड़ों को भी संरक्षित रखते हुए विकास कार्य पूरा किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमृत भारत स्टेशन योजना को भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ सीधे आम नागरिकों और प्रदेश के समग्र विकास को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है और देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इससे विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है।
