रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को 60 नए उप निरीक्षक (SI) मिले हैं। बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद इन अधिकारियों को अब व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए शहर के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, नए SI को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध जांच और पुलिसिंग के व्यावहारिक अनुभव के लिए अलग-अलग थानों में तैनात किया गया है। सबसे अधिक तीन-तीन SI की पदस्थापना खम्हारडीह, खमतराई, कबीर नगर, गोलबाजार, मोहदापारा, कोतवाली, सिविल लाइन, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज थानों में की गई है।
वहीं गुढ़ियारी, मुजगहन, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थानों में दो-दो SI को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। प्रशिक्षण के दौरान नए अधिकारियों को अनुभवी पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे पुलिस कार्यप्रणाली, अपराध अनुसंधान और जनता से जुड़े दायित्वों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह प्रशिक्षण अवधि नए SI के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी। इस दौरान उन्हें थाना संचालन, अपराध नियंत्रण, शिकायतों के निराकरण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60 नए SI की तैनाती से पुलिस बल को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। इससे थानों में कार्यभार का बेहतर प्रबंधन संभव होगा और आम जनता को पुलिस सेवाओं का अधिक प्रभावी एवं त्वरित लाभ मिलने की उम्मीद है।
