रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका को करीब 1000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में कोलकाता पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला मध्यप्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार की कंपनियों से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, महेंद्र गोयनका पहले यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंधन के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी और सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों और कथित फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए कंपनी के दो निदेशकों को हटवाकर उनकी जगह चार अन्य लोगों को निदेशक नियुक्त कराया और कंपनी के नियंत्रण पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस दौरान कंपनी के वित्तीय लेनदेन में अनियमितताएं की गईं और कंपनी की संपत्तियों एवं माल का कथित रूप से छल-कपट के जरिए विक्रय कर गबन किया गया। इस पूरे मामले में करीब 1000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
इन आरोपों के आधार पर वर्ष 2024 में कोलकाता में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120-बी, 467, 468, 471 समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए कोलकाता पुलिस ने दिल्ली से महेंद्र गोयनका को गिरफ्तार किया।
उधर, कंपनी से जुड़े विवाद को लेकर कटनी के कोतवाली और माधवनगर थाना में भी जालसाजी एवं धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। माधवनगर थाना में दर्ज प्रकरण में महेंद्र गोयनका के अलावा रायपुर निवासी हिमांशु श्रीवास्तव, सन्मति जैन, सुनील अग्रवाल सहित अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार, मामले के आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं निचली अदालत, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक से खारिज हो चुकी हैं। इसके बावजूद कुछ आरोपी लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं।
इस बीच, 9 मई 2025 को राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने भी महेंद्र गोयनका और उनकी पत्नी मीनू गोयनका से जुड़े वित्तीय लेनदेन पर अपने आदेश में गंभीर टिप्पणियां की थीं। इसके अलावा गोयनका की एक अन्य कंपनी निसर्ग इस्पात से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के मामले भी जांच के दायरे में हैं।
फिलहाल कोलकाता पुलिस रिमांड के दौरान पूरे कथित वित्तीय नेटवर्क, दस्तावेजों और लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
