नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों ने सोमवार को संसद भवन के पास पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संसद परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और संसद भवन की सुरक्षा बढ़ा दी गई। एहतियात के तौर पर संसद का मुख्य गेट भी बंद कर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद भीड़ को पीछे हटना पड़ा। जिस समय यह प्रदर्शन हुआ, उस वक्त संसद की कार्यवाही चल रही थी और प्रधानमंत्री सहित सभी सांसद सदन के अंदर मौजूद थे।
इससे पहले प्रदर्शनकारी राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गए थे। सुबह करीब 10 बजे कई प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की और वे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंच गए।
अभिजीत दीपके ने खत्म की भूख हड़ताल
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ बातचीत जारी है और बातचीत के परिणाम आने तक आंदोलन को स्थगित रखने का फैसला किया गया है। उन्होंने आंदोलनकारियों से भी संयम बनाए रखने की अपील की।
इस बीच CJP के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। वहीं, सोनम वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर संसद मार्च में शामिल होने के लिए डिस्चार्ज करने का अनुरोध किया है।
