रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठनात्मक मजबूती, राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है।
बैज ने जानकारी दी कि शिविर के आगामी सत्रों में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी शामिल होंगे। दोनों वरिष्ठ नेता जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा 25 जून को महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा भी शिविर में पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
कांग्रेस की एकजुटता से भाजपा चिंतित : बैज
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस नेताओं की सक्रिय भागीदारी और एकजुटता को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का एक मंच पर आना और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना भाजपा को रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है।
Read Also- CG Crime: गांजा डीलर का ठिकाना न बताने पर नाबालिग पर जानलेवा हमला, चाकुओं से गोदकर किया लहूलुहान
भाजपा नेता रामविचार नेताम के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि भाजपा को पहले अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में इन दिनों “डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलिंग” जैसे हालात हैं, जहां नेतृत्व और सत्ता को लेकर अंदरूनी खींचतान लगातार सामने आ रही है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हालिया दिल्ली दौरे को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री निवास में आयोजित आपात बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बैज का आरोप है कि बैठक में सरकार के कामकाज और कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और यही कारण है कि मुख्यमंत्री को दिल्ली तलब किया गया। हालांकि, बैज ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई आधिकारिक दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।
धर्मांतरण के मुद्दे पर सरकार से मांगा जवाब
धर्मांतरण के मुद्दे पर वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि नंदकुमार साय प्रदेश के सम्मानित और वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब विपक्ष नहीं, बल्कि सरकार को देना चाहिए।
Read Also- छत्तीसगढ़ में तेज़ी से बढ़ा मानसून, प्रदेश के 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंचा, कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
बैज ने कहा कि यदि प्रदेश में धर्म स्वतंत्रता कानून प्रभावी रूप से लागू है, तो फिर धर्मांतरण की शिकायतें लगातार क्यों सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करने और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए और केवल आरोप-प्रत्यारोप से समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।
