Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटों के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के कुछ क्षेत्रों में भी जल्द मानसून पहुंचने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।
मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद प्रदेशभर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मंगलवार को सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Read Also- CG NEWS: हाईकोर्ट ने रोकी DJ बैन की कार्रवाई, वक्फ बोर्ड के आदेश पर लगी रोक
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। डौंडी और नांगर में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सरसीवा, कांकेर, कुकरेल, दरभा, नगरी, धानोरा, भटगांव, मगरलोड, जगदलपुर, राजनांदगांव, बड़े राजपुर और तोकापाल में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बस्तर, बिलाईगढ़, अमलीपदर, बेलरगांव, माकड़ी, गुरूर, पाटन, चारामा, गरियाबंद, छुरा, सरौना, कुरूद, भानुप्रतापपुर, फरसगांव और भाखरा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
Weather Update: मौसम विभाग ने बुधवार सुबह कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, बारिश और बिजली गिरने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
Weather Update: राजधानी रायपुर में बुधवार को भी मौसम के बदले रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
