रायपुर। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अग्रणी सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था “वक्ता मंच” द्वारा सोमवार को नगर निगम मुख्यालय व्हाइट हाउस के सामने “पक्षी मित्र अभियान” का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत आम नागरिकों को निःशुल्क सकोरे वितरित कर उन्हें अपने घरों की मुंडेर, छत एवं आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से लगातार गर्मियों में पक्षियों के संरक्षण एवं सेवा के लिए इस प्रकार का जनजागरण अभियान चलाती आ रही है। इसी क्रम में इस वर्ष भी अभियान की शुरुआत करते हुए 100 से अधिक सकोरे राहगीरों को वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
अभियान का शुभारंभ लोक भवन के उप सचिव डॉ. रूपेंद्र कवि ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में पक्षियों के लिए जल और दाना-पानी की व्यवस्था करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने घरों एवं आसपास सकोरे रखकर मूक प्राणियों की सेवा में सहभागी बनें और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. पी. के. तिवारी ने वक्ता मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान केवल पक्षियों को राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। वहीं एयरटेल के उप महाप्रबंधक यतीश श्रीवास्तव ने कहा कि लगातार कम होती पक्षियों की संख्या चिंता का विषय है और इनकी सुरक्षा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।
कार्यक्रम में साहित्यकार डॉ. गोपा शर्मा ने सकोरा वितरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सकोरे बांटना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर प्रकृति और जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
इस अवसर पर चेतन भारती, राजेंद्र रायपुरी, दुर्गेश साहू, डॉ. भारती अग्रवाल, अतल ओम शुक्ला, अंकुर शुक्ला, भुविक शुक्ला, सुनीता चंसोरिया, डॉ. इंद्रदेव यदु, प्रभात यदु, शिवानी मैत्रा, परम कुमार, रत्ना पाण्डेय, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, हिरेंद्र यदु, मो. हुसैन, कमल सूर्यवंशी, हेमलाल पटेल, दुष्यंत साहू, चंद्रशेखर साहू, विमल किशोर, अजीत श्रीवास्तव, दीपा यादव, धानी कवि सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
