रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं कथित तौर पर भ्रामक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा, ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
अमित शाह समेत कई लोगों पर टिप्पणी
शिकायत के मुताबिक, इन अकाउंट से छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों से संबंधित वीडियो भी शेयर कर उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने तथा सोशल मीडिया पर उनके बारे में गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अकाउंट संचालकों की पहचान में जुटी पुलिस
अमन यादव ने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कराने और उन्हें संचालित करने वाले लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आलोचना और टिप्पणी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है, लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री के जरिए किसी की छवि खराब करना अलग विषय है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
पोस्ट और वीडियो की भी जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन के मुताबिक, पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालकों की पहचान तथा पोस्ट के प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट किसके हैं और आपत्तिजनक सामग्री किसने पोस्ट या शेयर की।
