रायपुर। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूल तक उनकी पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन की सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना 2026-27 के तहत रायपुर जिले में कक्षा 9वीं की 8,300 से अधिक छात्राओं को साइकिलें वितरित की जाएंगी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा स्कूलों से प्राप्त मांग के आधार पर लाभार्थियों की सूची तैयार कर ली गई है और कई केंद्रों पर साइकिलों की फिटिंग का कार्य अंतिम चरण में है। योजना के तहत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी गई है। वितरण के लिए विकासखंडवार केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
अभनपुर विकासखंड में सबसे अधिक 1820 छात्राओं को साइकिलें दी जाएंगी। इसके लिए शासकीय बजरंग दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अभनपुर को वितरण केंद्र बनाया गया है। यहां 34 स्कूलों की छात्राएं लाभान्वित होंगी। धरसीवां विकासखंड में 3700 से अधिक साइकिलों का वितरण प्रस्तावित है। मोवा केंद्र से 1563, परसतराई से 1351, मानाबस्ती से 631 तथा नगर निगम एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों की 194 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की जाएंगी।
आरंग विकासखंड में कुल 1832 छात्राओं को साइकिलें मिलेंगी। कोसरंगी केंद्र से 938 और अरुंधती देवी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आरंग केंद्र से 894 छात्राओं को लाभ मिलेगा। वहीं तिल्दा विकासखंड में बीएनबी नेवरा केंद्र से 1014 तथा बेलदारसिवनी केंद्र से 724 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जाएंगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फिटिंग और तकनीकी परीक्षण का कार्य पूरा होते ही सभी निर्धारित केंद्रों पर वितरण कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और बालिका शिक्षा को और मजबूती मिलेगी।
