रायपुर। शासकीय छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में कैरियर गाइडेंस सेल के तत्वावधान में एनसीसी 8 सीजी गर्ल्स बटालियन एवं एनसीसी बॉयज नेवी विंग के सहयोग से “प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से अर्धसैनिक बलों की तैयारी कैसे करें” विषय पर कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. अनिल रामटेके ने किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन की जरूरत है। अर्धसैनिक बलों में सेवा करना राष्ट्रसेवा का गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कैरियर गाइडेंस सेल एवं एनसीसी इकाइयों के प्रयासों की सराहना करते हुए कैडेट्स से कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट कमलेश साहू कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे। कैरियर गाइडेंस सेल के संयोजक डॉ. शशांक गुप्ता ने अतिथि वक्ता का परिचय कराया। बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
डिप्टी कमांडेंट साहू ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) में भर्ती की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने यूपीएससी एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के माध्यम से होने वाली परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और समय-सीमा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय छोटी-सी गलती से बचना चाहिए और अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी पर भी जोर दिया। कैडेट्स को ऊंचाई, छाती, वजन सहित दौड़, लंबी कूद, शॉट पुट जैसी शारीरिक दक्षताओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि शारीरिक परीक्षा में सफलता के लिए अंतिम समय में तैयारी करने के बजाय नियमित प्रशिक्षण पहले से शुरू करना जरूरी है।
कार्यक्रम में लिखित परीक्षा की तैयारी, सामान्य योग्यता, सामान्य अध्ययन, निबंध लेखन, अध्ययन सामग्री और समय प्रबंधन की रणनीति भी समझाई गई। साथ ही मानसिक दृढ़ता, तनाव प्रबंधन और निर्णय लेने की क्षमता को चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।
साहू ने साक्षात्कार एवं व्यक्तित्व परीक्षण की तैयारी के संबंध में भी कैडेट्स को उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों, समसामयिक घटनाओं और अर्धसैनिक बलों में जाने की व्यक्तिगत प्रेरणा जैसे विषयों पर तैयारी करने की सलाह दी।
इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में कैडेट्स ने परीक्षा की तैयारी, शारीरिक प्रशिक्षण और अर्धसैनिक बलों में करियर की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें नियमित मेहनत, अनुशासन और धैर्य के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन एनसीसी गर्ल्स बटालियन की केयरटेकर रुबाना खातून के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम कैडेट्स के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा तथा उन्हें सीएपीएफ में करियर बनाने की दिशा में स्पष्ट मार्गदर्शन मिला।
