Monsoon Update 2026: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है, लेकिन आगामी दिनों में इसके फिर से सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून के आसपास मानसून के तेलंगाना से आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और ओडिशा सहित कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।
तेलंगाना में 12 दिनों से रुका मानसून
मानसून अब तक देश के 19 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन 8 जून से यह तेलंगाना में ही ठहरा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अब आवश्यक मौसमीय सिस्टम सक्रिय हो चुके हैं, जिससे अगले 4 से 5 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
कई राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहीं सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 जून तक कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है।
Read Also- आवारा कुत्तों का आतंक: 5 वर्षीय मासूम पर चार कुत्तों ने किया हमला, CCTV में कैद हुई घटना
गर्मी का असर अब भी बरकरार
बारिश की गतिविधियों के बावजूद देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी है। हाल के दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में मौसम विभाग ने कोटा, उदयपुर और अजमेर समेत 12 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
वज्रपात से 16 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
