मानसून की झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में एंट्री हो गई। फिलहाल यह छत्तीसगढ़ की बॉर्डर पर है। अगले 3 दिन में इसके मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।
फिलहाल, देश के कई राज्यों में प्री मानसून एक्टिव है। राजस्थान समेत 9 राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश में शनिवार शाम भोपाल समेत 4 जिलों में तेज बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली के तार, पेड़ टूट कर गिरे। यूपी में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, झारखंड में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 7 की मौत हो गई।
8 राज्यों में गर्मी का असर, पारा 40°C पार
राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा महाराष्ट्र के यवतमाल में दर्ज किया गया। यहां पारा 42.4°C रहा। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42°C, गुजरात के भावनगर में 41.9°C, राजस्थान के जैसलमेर में 40.8°C दर्ज किया गया।
मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के 26 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट है। ओडिशा, कोस्टल आंध्र प्रदेश और कोंकण गोवा में मौसम उमस भरा रहेगा।
19 जून तक इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश होती रहेगी।
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 14 से 19 जून तक बारिश की संभावना।
- हिमाचल प्रदेश में 14 से 19 जून के बीच बारिश का दौर।
- हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जून तक रुक-रुक कर बारिश।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 जून और 18-19 जून को बारिश के आसार।
- पश्चिमी राजस्थान में 14 से 17 जून और 19 जून को बारिश की संभावना।
- हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 14 जून को तेज हवाएं चल सकती हैं।
- उत्तराखंड में 15 जून तक बारिश की संभावना बनी रहेगी।
- हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 जून को आंधी और बिजली गिरने की आशंका है।
