रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने छत्तीसगढ़ में मानसून को फिर सक्रिय कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र 15 अगस्त से उसी क्षेत्र में अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर और तेज हो सकता है।
भैसमा और लवन में 9 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश भैसमा और लवन में 9-9 सेमी दर्ज की गई। ओडगी में 8 सेमी और कोटाडोल में 7 सेमी बारिश हुई। बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेमी, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर समेत कई जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
राजधानी में बादल छाए रहेंगे
रायपुर में 17 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
