रायपुर के माना इलाके में रविवार रात बीच सड़क पर युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को आसपास के लोगों ने बचाया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड वीरू धीवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला माना थाना क्षेत्र का है।
मृतिका की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी और वीरू के बीच 2021 से पहले से प्रेम संबंध थे। राजकुमारी शादीशुदा थी और पति से अलग रह रही थी। इसके बावजूद दोनों के बीच संबंध बने हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, रविवार 13 सितंबर की रात राजकुमारी और वीरू साथ थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। वीरू ने राजकुमारी पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी राजकुमारी मदद के लिए चिल्लाने लगी।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया। वह करीब 60 फीसदी झुलस गई थी। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है।
सास पर फावड़े से हमले का भी केस
एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, इसी साल आरंग थाने में वीरू के खिलाफ राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला करने का केस दर्ज हुआ था। इस मामले में हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत कार्रवाई की गई थी। इस घटना के बाद राजकुमारी और उसका पति अलग-अलग रहने लगे थे।
