रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर लाया जा रहा है। पुलिस बुधवार सुबह पूरे मामले का खुलासा करेगी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया था। उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। आरोपी ने डीजल भरवाने और अन्य जरूरी खर्चों के लिए पैसों की मांग की थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं, जिनमें नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं। इसी वजह से विधायक को उस पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपी ने पहले 4,500 रुपए मांगे, लेकिन परेशानी में होने की बात सुनकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। इस पर विधायक को शक हुआ। उन्होंने सोचा कि भुवनेश्वर यहां से काफी दूर है, ऐसे में इतनी जल्दी वहां पहुंचकर दोबारा पैसे मांगना संदिग्ध है। इसके बाद विधायक ने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी ली, जहां से पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत ही नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने इसी तरीके से और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर और पैसों की मांग किए जाने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी का सत्यापन करना जरूरी है। पूरी तरह पुष्टि होने के बाद ही किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन करना चाहिए।
गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी रायपुर में भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की एक और बड़ी घटना सामने आई थी। देवेंद्र नगर इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए थे। हालांकि पुलिस ने उस मामले में आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
