बलौदाबाजार। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 10 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर शुक्रवार तड़के सिमगा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। एसडीएम सिमगा अतुल शेट्टे के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम सुबह करीब 6 बजे जायसवाल फैमिली ढाबा के पास वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान कई हाइवा वाहन रेत परिवहन करते हुए पाए गए।
टीम ने वाहनों को रोककर परिवहन पास और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान केवल वाहन क्रमांक CG09JS 6362 के चालक द्वारा वैध परिवहन पास प्रस्तुत किया गया, जबकि अन्य 10 हाइवा वाहनों के चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार्रवाई की भनक लगते ही संबंधित वाहन चालक अपने वाहनों की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद संयुक्त टीम ने सभी वाहनों का पंचनामा तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी संयुक्त जांच एवं छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।
