KBC 18: भारत के सबसे लोकप्रिय क्विज़ रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) का 18वां सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। मेगास्टार अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने दमदार अंदाज में हॉट सीट संभालते नजर आएंगे। सोनी टीवी ने आधिकारिक तौर पर शो के नए सीजन का ऐलान कर दिया है और इसके साथ कई प्रोमो भी जारी किए हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ का प्रीमियर 11 अगस्त 2026 से होगा।
इस बार बदलेगा खेल, सिर्फ जवाब याद होना नहीं होगा काफी
जारी किए गए प्रोमो में अमिताभ बच्चन ने साफ संकेत दिया है कि इस बार KBC का फॉर्मेट पहले से अलग होगा। उनके मुताबिक, अब केवल सामान्य ज्ञान या जवाब याद रखने से काम नहीं चलेगा, बल्कि कन्टेस्टेंट को अपनी सोच और तर्क क्षमता का भी इस्तेमाल करना होगा।
प्रोमो में बिग बी कहते हैं कि भूगोल, इतिहास, विज्ञान और खेल का ज्ञान जरूरी तो होगा, लेकिन इस बार खेल का अंदाज बदल चुका है और सही जवाब तक पहुंचने के लिए गहराई से सोचना होगा।
AI के दौर में KBC भी बदलेगा अपना अंदाज
KBC 18: एक अन्य प्रोमो में अमिताभ बच्चन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिक्र करते हुए कहते हैं कि तकनीक ने दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है और यह बदलाव लगातार जारी रहेगा। ऐसे समय में KBC ने भी खुद को बदलने की कोशिश की है ताकि प्रतियोगियों की केवल याददाश्त नहीं, बल्कि उनकी सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता की भी परीक्षा हो।
नए ट्विस्ट को लेकर बढ़ी दर्शकों की उत्सुकता
लगातार जारी किए गए प्रोमो के बाद दर्शकों के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर शो में क्या नया बदलाव देखने को मिलेगा। मेकर्स ने फिलहाल ट्विस्ट का पूरा खुलासा नहीं किया है, लेकिन प्रोमो से साफ है कि इस बार गेम पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे अमिताभ बच्चन
KBC 18: टेलीविजन के अलावा अमिताभ बच्चन बड़े पर्दे पर भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। उनकी आगामी फिल्मों में ‘सेक्शन 84’ और ‘कल्कि 2898 AD’ का सीक्वल शामिल है। ‘सेक्शन 84’ लंबे समय से निर्माणाधीन है, जबकि ‘कल्कि 2’ को भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है। यह फिल्म वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।
