दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश कुमार पांडेय को राज्य सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई है, जिसमें वे ‘सुशासन तिहार’ के दौरान बीजेपी ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख से बहस करते नजर आए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में सामुदायिक भवन के लिए राशि जारी करने के मुद्दे पर सवाल उठाया गया। इसी दौरान बीजेपी नेता और जनपद CEO के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान CEO रूपेश कुमार पांडेय ने कथित रूप से “जो करना है कर लो” जैसी टिप्पणी भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटना पर स्थानीय स्तर पर नाराजगी देखने को मिली और बीजेपी नेताओं सहित कई लोगों ने अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए।
मामले के तूल पकड़ने के बाद, राज्य सरकार ने कार्रवाई करते हुए रूपेश कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना उस समय हुई थी जब बैठक में विधायक ललित चंद्राकर भी मौजूद थे।
