मुल्लांपुर में खेले जा रहे टेस्ट में भारत ने पहली पारी 564/8 पर घोषित कर दी है. पहली पारी में भारत के लिए केएल राहुल (100), शुभमन गिल (126) ने शतक जड़े. साईं सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रनों की शानदार पारियां खेली, हालांकि दोनों अनपे शतक से चूक गए. वाशिंगटन सुंदर ने अंत में अर्धशतक जड़कर भारत का स्कोर 550 के पार पहुंचाया. सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद रहे. पहली पारी में तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम ने इतिहास रचा. वह भारत के खिलाफ फाइव विकेट हॉल लेने वाले पहले अफगानिस्तानी बने.
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. पहले दिन तीनों सेशन भारत के नाम रहे, हर सेशन में 1-1 ही विकेट गिरा. यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की. मोहम्मद सलीम ने जायसवाल (24) के रूप में पारी का पहला विकेट गिराया. इसके बाद आए साईं सुदर्शन के साथ मिलकर केएल राहुल ने 139 रनों की साझेदारी की. साईं अपने शतक से चूक गए, उन्होंने 13 चौकों की मदद से 81 रन बनाए. उन्हें भी सलीम ने अपना शिकार बनाया.
पहले दिन तीसरा विकेट केएल राहुल के रूप में गिरा, उन्हें जियौर रहमान ने कैच आउट करवाया. इससे पहले केएल राहुल ने अपना शतक पूरा किया. 100 रनों की पारी में राहुल ने 11 चौके लगाए. पहले दिन कप्तान शुभमन गिल ने भी अपना शतक पूरा कर लिया था, ये उनके टेस्ट करियर का 10वां और बतौर कप्तान छठा टेस्ट शतक है. पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले ऋषभ पंत ने अर्धशतक पूरा कर लिया था. पहले दिन भारत ने 3 विकेट खोकर 368 रन बनाए थे.
दूसरे दिन दूसरे सत्र में भारत ने घोषित की पहली पारी
दूसरे दिन पहला विकेट कप्तान शुभमन गिल के रूप में गिरा, उन्होंने 1 छक्का और 15 चौकों की मदद से 126 रन बनाए. गिल को भी सलीम ने अपना शिकार बनाया. इसके बाद ऋषभ पंत भी आउट हो गए, वह अपने शतक से चूक गए. पंत ने 3 छक्के और 6 चौकों की मदद से 81 रन बनाए. अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे मानव सुथार ने पहली पारी में 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 28 रन बनाए.
कुलदीप यादव से पहले भेजे गए मोहम्मद सिराज ने भी तेज तर्रार पारी खेली, उन्होंने 12 गेंदों में 1 छक्का और 4 चौकों की मदद से 22 रन बनाए. साईं सुदर्शन ने चौके के साथ 127वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके अगले ओवर में शुभमन गिल ने पारी घोषणा का ऐलान कर दिया. भारत ने पहली पारी 564/8 पर घोषित की.
मोहम्मद सलीम ने रचा इतिहास
मोहम्मद सलीम अफगानिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में फाइव विकेट हॉल किया है. उन्होंने पहली पारी में कुल 6 विकेट चटकाए. सलीम ने यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को आउट किया.
