रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश में अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा 170 मिमी बारिश बड़े बचेली में रिकॉर्ड की गई।
लो प्रेशर एरिया का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना लो प्रेशर एरिया अभी सक्रिय है। इसके साथ जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। यह मौसम तंत्र अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है।
इसके प्रभाव से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में आज बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में भी बुधवार 26 अगस्त को मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मानसून सीजन में बारिश सामान्य के करीब
छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक कुल बारिश सामान्य के करीब रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सामान्य से 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अगले दो दिनों में भी ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
