रायपुर। पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. लोगों को तेज धूप के साथ उमस भी परेशान कर रही है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में राजस्थान की तरफ से गर्म और सूखी हवाएं आ रही हैं, जिसकी वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है. अगले 5 दिनों तक हीटवेव का भी अलर्ट है.
मौसम वैज्ञानिक बीके चिंधालोरे ने बताया कि प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री ज्यादा चल रहा है. सरगुजा संभाग में तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पारा 44 से 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है. बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया, जहां हीटवेव जैसी स्थिति बनी रही.
5 दिन ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में हीटवेव का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई इलाकों में तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून केरल में 26 मई तक पहुंच सकता है, जबकि सामान्य तौर पर मानसून 1 जून को आता है. ऐसे में नौतपा के दौरान भी छत्तीसगढ़ में तापमान 43 से 44 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है.
पिछले 6 साल में मई महीने में रायपुर का अधिकतम तापमान
- 26 मई 2020- 45.4°C
- 30 मई 2021- 42.2°C
- 1 मई 2022- 44.6°C
- 24 मई 2023- 43°C
- 30 मई 2024- 46.8°C
- 13 मई 2025- 41.8°C
