मुंगेली। जिले के 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशनों में विभाग और ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां कर्मचारियों से बिना किसी सुरक्षा उपकरण के हाई वोल्टेज लाइन पर असुलेटर काटने जैसे जोखिम भरे कार्य कराए जा रहे हैं। करोड़ों रुपये के विद्युत कार्यों के बीच मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे नजर आ रही है।
मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों के पास न तो हेलमेट था, न सेफ्टी बेल्ट, न इंसुलेटेड ग्लव्स और न ही सुरक्षा जूते उपलब्ध थे। इसके बावजूद उन्हें सीधे हाई वोल्टेज उपकरणों के बीच काम में लगाया गया। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
जानकारों के अनुसार 33/11 केवी विद्युत लाइन पर कार्य करना अत्यंत संवेदनशील और जानलेवा माना जाता है। इस तरह के कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है, लेकिन मुंगेली जिले में नियमों को खुलेआम नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है।
वहीं, कार्य में लगे कर्मचारियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा लागत बचाने के उद्देश्य से सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय अधिकारी भी पूरी स्थिति से अवगत हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और संबंधित ठेकेदार की होगी। अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर लापरवाही पर कार्रवाई करते हैं या फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जाएगा।
