मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित “हरियर मुंगेली – सुघ्घर मुंगेली” अभियान के दसवें वर्ष के चौथे चरण का आयोजन सोमवार को पुलिस लाइन रोड, मुंगेली में किया गया। इस दौरान नीम, कदम, बादाम और गुलमोहर सहित 30 छायादार पौधों का रोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए।
कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ सदस्य सतपाल मक्कड़ और श्रेणिक पारख ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और संतुलित जलवायु सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और मौसम में हो रहे असामान्य बदलावों की चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
अभियान के प्रभारी धनराज परिहार एवं सहप्रभारी रवि साहू ने बताया कि संस्था पिछले नौ वर्षों से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस बार पुलिस लाइन मार्ग का चयन इसलिए किया गया क्योंकि पेड़ों का वर्षा चक्र और प्राकृतिक संतुलन से सीधा संबंध है। उन्होंने कहा कि यदि वृक्षों की संख्या नहीं बढ़ेगी तो वर्षा भी प्रभावित होगी। इसलिए अब समय आ गया है कि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को अपना कर्तव्य मानते हुए इसमें योगदान दे।
इस अवसर पर संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, देवेंद्र परिहार, श्रेणिक पारेख, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, गिरीश सुथार, सुनील वाधवानी, देवशंकर श्रीवास्तव, कोमल चौबे, नागेश साहू, राहुल मल्लाह, पवन यादव, आर्या सिंह, मुकेश पांडेय, वासु पांडेय, रवि साहू, धीरज जैन, पप्पू शर्मा, वैभव ताम्रकार, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, चित्रकांत सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, सुमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
