जशपुर। गर्मी से राहत देने वाला कूलर एक परिवार के लिए काल बन गया। जशपुर जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के तारागढ़ गांव में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने घर में रखे कूलर में पानी भर रही थी। इसी दौरान कूलर में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि महिला खुद को उससे अलग नहीं कर सकी और गंभीर रूप से झुलस गई। घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद महिला को कूलर से अलग किया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में कूलर में विद्युत लीकेज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सटीक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
