रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में एक नए युग में प्रवेश किया है। उनके अनुसार, इस अवधि में शासन की प्राथमिकताओं और कार्यशैली में व्यापक बदलाव आया है, जिसमें “सेवा, सुशासन और अंत्योदय” की भावना को केंद्र में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिसका प्रभाव आज पूरे देश में देखा जा सकता है।
सीएम साय ने कहा कि भारत ने इन वर्षों में मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। साथ ही “विकसित भारत @2047” का लक्ष्य अब जनभागीदारी और व्यापक विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व राज्य के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा है। बस्तर सहित नक्सल प्रभावित और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई गति दिखाई दे रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार दूरस्थ क्षेत्रों तक हुआ है, जिससे जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल एक नारा नहीं, बल्कि सुशासन का आधार बन चुका है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी केंद्र की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
