केरलम सहित पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आए 10 दिन हो गए हैं। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सीएम की शपथ हो चुकी है। लेकिन केरलम में जहां कांग्रेस बहुमत में आई है वहां सीएम चेहरे पर सस्पेंस बना हुआ है।
आज दोपहर 1 बजे तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस पार्टी ऑफिस में विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें नेता चुना जाएगा। एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कांग्रेस आलाकमान ने सभी चर्चाएँ पूरी कर ली हैं। केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी घोषणा गुरुवार को की जाएगी।
राहुल गांधी की पहली पसंद केसी वेणुगोपाल हैं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की केरलम सीएम के लिए पहली पसंद केसी वेणुगोपाल हैं। राहुल ने 11 मई को दिल्ली में वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात भी की थी। वेणुगोपाल फिलहाल अलाप्पुझा लोकसभा सीट से सांसद हैं।
दावा- वेणुगोपाल को सबसे ज्यादा विधायकों का समर्थन
केरलम में UDF ने 140 में से 102 सीटें जीती हैं। इनमें कांग्रेस की 63 सीटें हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के 75-80% विधायकों ने केसी वेणुगोपाल को समर्थन दिया। वेणुगोपाल के सीएम बनने पर इरिक्कूर के विधायक सनी जोसेफ अपनी सीट से इस्तीफा दे सकते हैं। फिर उपचुनाव के जरिए वेणुगोपाल विधानसभा पहुंच सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में वीडी सतीशन को महज 6 विधायकों का समर्थन मिला। हालांकि, बैठक के बाद तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने सतीशन के नाम का समर्थन किया है। इसके अलावा UDF के सहयोगी दल IUML और केरलम कांग्रेस (जोसेफ) ने खुले तौर पर सतीशन को समर्थन दिया है।
