रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने आने वाले तीन से चार दिनों में प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में रोजाना लगभग एक डिग्री सेल्सियस की दर से तापमान बढ़ सकता है। मई महीने के अंतिम दिनों में केरल तक मानसून पहुंचने की संभावना के चलते छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां भी शुरू हो सकती हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जबकि दूसरी द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से लक्षद्वीप तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में 20 मई को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में लू चलने जैसी स्थिति बन सकती है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
