CG Weather Alert: रायपुर। पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तरी झारखंड के ऊपर बने निम्न दबाव (लो-प्रेशर) क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसी मौसम प्रणाली के प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।
भारत मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इस बीच सरगुजा जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे झुलस गए। इनमें दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायल बच्चे सगे भाई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लगातार हो रही बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा तेज बारिश के कारण बह गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया है।
CG Weather Alert: बिलासपुर में लगातार बारिश के कारण नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर जलभराव हो गया। सड़क के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बहने से यातायात प्रभावित रहा। वहीं कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण इस मार्ग को भी सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
राजधानी रायपुर में 19 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
CG Weather Alert: मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय है। 1 जून से 18 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 307.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत 375.4 मिमी वर्षा का 81.8 प्रतिशत है। हालांकि, अच्छी बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से लगभग 25 प्रतिशत कम बनी हुई है। शनिवार को प्रदेश में औसतन 17.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
