CG NEWS: मोहला-मानपुर। अंबागढ़ चौकी नगर और आसपास के गांवों के बीच से गुजरने वाली शिवनाथ नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में भय व्याप्त है, वहीं वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी और सुरक्षा संबंधी उपाय तेज कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें शिवनाथ नदी के पानी में एक मगरमच्छ तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। तस्वीर के लोकेशन की जांच करने पर यह क्षेत्र अंबागढ़ चौकी नगर और समीपस्थ गौलीटोला गांव के आसपास का पाया गया। वन विभाग ने भी तस्वीर में दिख रहे जीव की पहचान मगरमच्छ के रूप में की है।
वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) दिनेश पटेल ने बताया कि ग्रामीणों से नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारियों और कर्मचारियों को निगरानी के लिए तैनात कर दिया गया है। विभाग लगातार नदी और आसपास के इलाकों पर नजर बनाए हुए है।
Read Also- गरीबों के हक पर डाका? राशन दुकानों में सैकड़ों क्विंटल चावल शार्टेज
शुक्रवार को सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी मणिराम पाल अपनी टीम के साथ गौलीटोला क्षेत्र में नदी किनारे निगरानी करते नजर आए। उन्होंने बताया कि वायरल तस्वीर निश्चित रूप से मगरमच्छ की है। तस्वीर सामने आने के बाद से लगातार नदी क्षेत्र की निगरानी की जा रही है, हालांकि मगरमच्छ दोबारा दिखाई नहीं दिया है। निगरानी के दौरान नदी में बड़ी-बड़ी मछलियां जरूर देखी गई हैं।
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को नदी में निस्तारी, स्नान तथा मवेशियों को नदी में ले जाने से फिलहाल परहेज करने की सलाह दी है। इसके अलावा विभाग उस व्यक्ति की भी तलाश कर रहा है, जिसने सबसे पहले सोशल मीडिया पर मगरमच्छ की तस्वीर साझा की थी, ताकि तस्वीर और घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा सके।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मगरमच्छ के दिखाई देने की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।
